बड़े हादसे के इंतजार में बेपरवाह प्रशासन
मिश्रवलिया में जलजमाव से सड़क बनी जानलेवा

बक्सर अप टू डेट न्यूज:बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग पर स्थित मिश्रवलिया गांव के समीप सड़क की बदहाली राहगीरों की जान की दुश्मन बन चुकी है। सड़क पर लगातार गिर रहे पानी की वजह से मुख्य मार्ग के बीचों-बीच दो अलग-अलग जगहों पर जानलेवा गड्ढे उभर आए हैं। इन गड्ढों में हर वक्त गंदा पानी भरा रहने के कारण सड़क पर चलने वालों को गड्ढों की गहराई का अंदाज़ा नहीं मिल पाता, जिससे यहां रोजाना दुर्घटनाएं घट रही हैं।
जलमग्न गड्ढों के कारण सबसे ज्यादा फजीहत साइकिल, बाइक और ई-रिक्शा चालकों को झेलनी पड़ रही है। संतुलन बिगड़ने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। राहगीरों के कपड़े खराब होना और गाड़ियों का क्षतिग्रस्त होना अब रोज का नियम बन चुका है।
अधिकारियों की आंखों पर बंधी पट्टी
हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग जिले के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक है, जहां से दिनभर प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की गाड़ियां सायरन बजाते हुए गुजरती हैं। इसके बावजूद बीच सड़क पर बने इन खूनी गड्ढों पर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की नजर नहीं पड़ रही है। स्थानीय लोगों में प्रशासन की इस अनदेखी को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्या प्रशासन कुंभकर्णी नींद में किसी बड़ी अनहोनी और जान जाने का इंतजार कर रहा है?
रोजाना हो रही छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं के बावजूद यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जल निकासी का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो यह लापरवाही कभी भी किसी परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से अविलंब इन गड्ढों को भरवाने और पानी के बहाव को रोकने की मांग की है।







