सड़क दुर्घटना में पूर्व मुखिया व वरिष्ठ कांग्रेस नेता बुच्चा उपाध्याय का निधन

क्षेत्र में शोक की लहर

​बक्सर अप टू डेट न्यूज़:बनारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रवींद्रनाथ उपाध्याय उर्फ ‘बुच्चा उपाध्याय’ का गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही पूरे बक्सर और चौसा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में गमगीन माहौल है।

​मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव निवासी बुच्चा उपाध्याय गुरुवार को बक्सर से अपने घर चौसा की ओर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान हादीपुर और मिश्रवलिया गांव के बीच अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। टक्कर इतनी भीषण और जोरदार थी कि वह बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​अस्पताल में उमड़ी समर्थकों की भीड़, परिजनों में कोहराम

​हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समर्थक और शुभचिंतक सदर अस्पताल पहुंचे। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

​जनसेवा को समर्पित रहा जीवन

​बुच्चा उपाध्याय अपने क्षेत्र के एक बेहद लोकप्रिय और मिलनसार व्यक्तित्व थे। वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे और बनारपुर के मुखिया के रूप में जनता की निस्वार्थ सेवा की। पिछले नगर पंचायत चुनाव में उन्होंने चौसा नगर पंचायत से भी चुनाव लड़ा था। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण इलाके का हर वर्ग उनका सम्मान करता था। उनके अचानक चले जाने से पूरे क्षेत्र ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!