राष्ट्रीय परशुराम परिषद, जिला इकाई बक्सर की प्रथम जिला बैठक संपन्न
संगठन स्थापना दिवस सह संगठन विस्तार को लेकर हुआ व्यापक विचार-विमर्श

बक्सर अप टू डेट न्यूज़: राष्ट्रीय परशुराम परिषद, जिला इकाई बक्सर की प्रथम जिला बैठक संगठन स्थापना दिवस सह संगठन विस्तार विषय को लेकर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राहुल राय ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री नन्दकुमार तिवारी, प्रदेश मंत्री दुर्गावती चतुर्वेदी, प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पृथ्वीनाथ ओझा , गोपाल पांडेय , प्रेम मिश्रा, प्रकाश पाण्डेय एवं अभिषेक ओझा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने कहा—सनातन धर्म एक विशाल बरगद का वृक्ष है और ब्राह्मण परिवार इस वृक्ष की जड़ों के समान है। आज ब्राह्मण समाज का एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा करना केवल ब्राह्मण समाज का विषय नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण सनातनी समाज और राष्ट्रहित से जुड़ा विषय है। जिस प्रकार जड़ कमजोर होने पर वृक्ष कमजोर होता है, उसी प्रकार ब्राह्मण समाज जितना कमजोर और असहाय होगा, सत्य सनातन धर्म और हमारा प्यारा भारत उतना ही कमजोर होगा। तीनों एक-दूसरे के पूरक हैं।”
मुख्य अतिथि नन्दकुमार तिवारी ने संगठन और समाज के हित में सदैव तत्पर, एकजुट एवं जागरूक रहने का आह्वान किया।प्रदेश मंत्री दुर्गावती चतुर्वेदी एवं प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय ने भगवान परशुराम के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज समाज को शास्त्र शिक्षा के साथ-साथ शस्त्र शिक्षा की भी आवश्यकता है। अन्याय और अधर्म के विरुद्ध केवल शिक्षा पर्याप्त नहीं, बल्कि आत्मरक्षा एवं अन्याय के प्रतिरोध के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और सामर्थ्य भी महत्वपूर्ण है।
बैठक को गोपाल पांडेय एवं प्रेम मिश्रा ने भी संबोधित करते हुए अपने बहुमूल्य विचार रखे।बैठक में उपस्थित सभी नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं अतिथिगण का मंच पर अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय परशुराम परिषद, जिला इकाई बक्सर के सभी नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों के नाम एवं दायित्व की औपचारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम के अंत में जिला महामंत्री अभिषेक मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







