प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय चौसा में अग्निशमन विभाग ने दी प्रशिक्षण
दिवाली से पहले बच्चों ने सीखे अगलगी से बचाव के गुर

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय, चौसा के प्रांगण में छात्रों और शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने एक व्यावहारिक जागरूकता शिविर का आयोजन कर छात्रों को त्योहारों के दौरान आग लगने जैसी अनहोनी से बचने और आपातकालीन स्थिति से निपटने के प्रभावी उपाय बताए।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने बताया कि थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता से बड़े हादसों को टाला जा सकता है। मॉकड्रिल और डिमोनस्ट्रेशन के जरिए बच्चों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि आग लगने की स्थिति में क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए।
क्या करें:
पटाखों को हमेशा खुले मैदान में और बड़ों की मौजूदगी में ही छुड़ाएं।
आग बुझाने के लिए पास में पानी से भरी बाल्टी और सूखी रेत जरूर रखें।
ढीले-ढाले या सिंथेटिक कपड़ों की जगह सूती और शरीर से सटे कपड़े पहनें।
आपातकालीन स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित करें।
क्या न करें:
किसी भी स्थिति में घर के भीतर, बंद जगह या तंग गलियों में पटाखे न जलाएं।
जलते हुए पटाखे या मोमबत्ती को ज्वलनशील पदार्थों (जैसे पेट्रोल, गैस सिलेंडर, या सूखी घास) के पास न रखें।
हाथ में पकड़कर पटाखा या रॉकेट जलाने की गलती कभी न करें।
इस जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ब्रजेश कुमार, सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल आर. के. मुरारी, कांस्टेबल सूरज कुमार, विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







