विश्व पर्यटन दिवस पर चौसा में DLSA ने लगाया विधिक जागरूकता शिविर
धरोहरों और अधिकारों पर हुई चर्चा

बक्सर अप टू डेट न्यूज:विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में बक्सर जिले के ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाने और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों से रूबरू कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), बक्सर द्वारा एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। माननीय पटना उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार यह शिविर चौसा स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुआ।

शिविर का मुख्य ध्येय आम लोगों को बुनियादी कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की जानकारी देना और साथ ही बक्सर की ऐतिहासिक धरोहरों व पर्यटन स्थलों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
आयोजन के दौरान प्राधिकार की ओर से नियुक्त पैनल प्रशिक्षित पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) शत्रुघ्न सिन्हा एवं सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों को कानून की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कमजोर और जरूरतमंद वर्ग निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है। साथ ही, चौसा जैसे ऐतिहासिक क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के महत्व और उनके संवर्धन में जनभागीदारी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के लिए पूर्व में ही स्थानीय पशु चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर पंकज कुमार सिंह को पत्र प्रेषित कर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। चौसा की ऐतिहासिक भूमि पर कानून और पर्यटन के इस अनूठे संगम को लेकर स्थानीय ग्रामीणों व प्रबुद्धजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।







