केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के जन्मदिवस पर चौसा के मुसहर टोली में हुआ सघन पौधारोपण

अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाना ही मांझी जी का संकल्प: बलिराम सिंह कुशवाहा

बक्सर अप टू डेट न्यूज:हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक व केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतनराम मांझी के बयासी जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को स्थानीय चौसा स्थित मुसहर टोली में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ‘हम’ के प्रदेश उपाध्यक्ष बलिराम सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

​पौधारोपण के दौरान मुसहर टोली के सैकड़ों महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बलिराम सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी संरक्षक जीतनराम मांझी हमेशा से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े उपेक्षित और वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए निरंतर संघर्षरत रहे हैं।

​उन्होंने कहा, “जीतनराम मांझी जी का जीवन गरीबों और शोषितों के हक-अधिकार की लड़ाई को समर्पित रहा है। आज उनके जन्मदिवस पर रोपे गए ये पौधे हमें यह संदेश देते हैं कि जिस प्रकार एक पौधे को सींचकर विशाल वृक्ष बनाया जाता है, उसी प्रकार समाज के दबे-कुचले तबके को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए हमें अनवरत प्रयास करना होगा।”

​इस अवसर पर प्रमुख रूप से समाजसेवी रमेश गोंड, जयप्रकाश शर्मा, एनजीओ रेडरी के सचिव वीरेंद्र कश्यप, द्वारिका मुसहर,छठु मुसहर, सुदामा मुसहर, सीताराम मुसहर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने केंद्रीय मंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!