गाँधी जयंती पर ग्राम पंचायत पवनी में विशेष ग्राम सभा का आयोजन
विकास और स्वच्छता का लिया गया संकल्प

बक्सर अप टू डेट न्यूज:राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की जयंती के पावन अवसर पर भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशानुसार ग्राम पंचायत पवनी के पंचायत भवन में एक भव्य एवं विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस विशेष बैठक की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया पूनम ओझा ने की।
सभा की शुरुआत बापू के चित्र पर माल्यार्पण एवं उनके आदर्शों को याद करते हुए की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुखिया पूनम ओझा ने कहा कि बापू का सपना था कि भारत के गाँव आत्मनिर्भर, स्वच्छ और सशक्त बनें। केंद्र सरकार के निर्देश पर आयोजित इस विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य पंचायत के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार करना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
इस अवसर पर स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय कुमार गोंड ने पंचायत को खुले में शौचमुक्त बनाए रखने, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन और स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर बल दिया। वहीं पंचायत सचिव संतोष कुमार ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और विकास कार्यों की पारदर्शिता पर प्रकाश डाला।

ग्राम सभा में पंचायत के चौमुखी विकास, नाली-गली निर्माण, जल संरक्षण और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई एवं कई विकास योजनाओं को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रमोद सिंह, निर्मल कुमार सिंह, राधा कोहार, वीरेंद्र सिंह, सम्राट ओझा सहित पंचायत के सभी कर्मी, वार्ड सदस्य, गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी उपस्थित लोगों ने पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।







