23सितम्बर को निकाली जाएगी रथ यात्रा
वामन चेतना मंंच ने सम्मिलित होने का किया आह्वान

बक्सर अप टू डेट न्यूज़: भगवान वामन के प्राकट्य दिवस वामन द्वादशी के पावन अवसर पर भगवान वामन चेतना मंच की ओर से 23 सितंबर को प्रातः 8 बजे भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा रामेश्वरनाथ मंदिर, रामरेखाघाट से प्रारंभ होकर वामन मंदिर तक जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान वामन के रथ की रज्जु थामकर श्रद्धा और भक्ति के साथ उसे मंदिर तक ले जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि जिस प्रकार पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में लाखों श्रद्धालु आस्था और उत्साह के साथ भगवान के रथ को खींचते हैं, उसी भाव और परंपरा का दर्शन वामनाश्रम, बक्सर में भी इस रथयात्रा के माध्यम से होगा। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर राघव पाण्डेय ने कहा कि भगवान वामन के प्राकट्य दिवस वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का विशेष महत्व है। बक्सर की धरती प्राचीन काल से ही धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि रथयात्रा केवल धार्मिक आस्था का उत्सव नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने का अवसर भी है। जब श्रद्धालु एक साथ भगवान वामन के रथ की रज्जु थामेंगे, तो यह उनकी सामूहिक श्रद्धा, एकता और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।आयोजकों का कहना है कि यह रथयात्रा किसी व्यक्ति या संस्था विशेष का आयोजन न होकर बक्सर की सनातन धार्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का सामूहिक उत्सव बने—यही इसका उद्देश्य है।
भगवान वामन चेतना मंच की ओर से जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे सामूहिक रूप से भगवान वामन का जयघोष करते हुए इस पावन आयोजन में सहभागी बनें और बक्सर की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







