शराब की बड़ी खेप बरामद, 45 लाख की शराब के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार

बक्सर अप टू डेट न्यूज़: बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद विभाग की टीम ने वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट (ऊपरी पुल) पर एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त तरीके से छिपाई गई थी खेप
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के अनुसार, यह कार्रवाई नियमित जांच के दौरान की गई। चेक पोस्ट प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ले रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर के एक डीसीएम ट्रक (MH 40 CD 6120) को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसमें बड़ी चालाकी से छिपाई गई शराब की खेप मिली।
चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर जा रही थी शराब
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह पता चला है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी। तस्करों ने शराब को ट्रक में इस तरह छिपाया था कि सामान्य जांच में किसी को संदेह न हो, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। उत्पाद विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रक से कुल 491 पेटियां बरामद की गईं। जिसमे विदेशी शराब 3456 लीटर (क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की के विभिन्न पैक) और बीयर 1188 लीटर (बुडवाइजर बीयर) है।
मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान सोनू सिंह (45 वर्ष), पिता बलवीर सिंह के रूप में हुई है। सोनू सिंह नागपुर, महाराष्ट्र का निवासी है। पुलिस अब उससे शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंड्स के बारे में पूछताछ कर रही है।
”शराब और डीसीएम ट्रक को जब्त कर लिया गया है। बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीमावर्ती चेक पोस्टों पर जांच और सख्त की जाएगी ताकि अवैध आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लग सके।” — उत्पाद अधीक्षक






