अधिवक्ताओं के व्यवसायिक आचरण एवं शिष्टाचार पर की गई जागरूक कार्यक्रम

बक्सर अप टू डेट न्यूज:बक्सर सिविल कोर्ट में ‘अधिवक्ताओं के व्यावसायिक आचरण एवं शिष्टाचार’ पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माननीय पटना उच्च न्यायालय और जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर के तत्वावधान में जिला बार एसोसिएशन के सभागार में एक दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
यह विशेष कार्यक्रम बार काउंसिल ऑफ इंडिया रूल्स के भाग VI, अध्याय – II के अंतर्गत वर्णित “अधिवक्ताओं के व्यावसायिक आचरण और शिष्टाचार के मानक” विषय पर केंद्रित था।यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर के पत्र संख्या 615/2026 के आलोक में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न घटकों के बीच व्यावसायिक मर्यादा और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना था।समारोह का संचालन और समन्वय मुख्य रूप से जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर के माननीय सचिव (प्रभारी) महेश्वर नाथ पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन, बक्सर के माननीय अध्यक्ष एवं माननीय सचिव ने सभी अधिवक्ता को सम्बोधित किया । अपने संबोधन में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि न्यायपालिका के प्रति आम जनता का विश्वास बनाए रखने में अधिवक्ताओं का व्यावसायिक आचरण सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है।
इस जागरूकता शिविर के लिए विशेष रूप से प्रतिनियुक्त किए गए प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता विद्या सागर तिवारी ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया रूल्स की धारा 49(1)(c) के तहत निर्धारित नियमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने न्यायालय, मुवक्किलों , विपक्षी अधिवक्ताओं और समाज के प्रति एक वकील के कर्तव्यों और आचरण की सीमाओं को रेखांकित किया।
इसके साथ ही कार्यक्रम में प्रतिनियुक्त पैरा लीगल वालंटियर ब्रजेश कुमार ने इस जागरूकता अभियान के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन और आम लोगों तक विधिक सहायता पहुँचाने में प्राधिकार की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज की और विषय की बारीकियों को समझा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सत्र के सफल समापन की घोषणा की गई।
वीरेंद्र कश्यप,
संवाददाता सह सचिव एनजीओ रेडरी






