बक्सर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 6 लाख के सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ (नया भोजपुर): जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मटन और बकरा व्यवसायी से हुई छह लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में जो हकीकत सामने आई, वह चौंकाने वाली थी—पीड़ित का सबसे करीबी परिचित ही इस पूरे लूटकांड का मास्टरमाइंड निकला।

दोस्त ने ही की मुखबिरी डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़की सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही के रूप में हुई है। वह पीड़ित कारोबारी राजा कुरैशी का मित्र था। आगामी बकरीद को लेकर राजा ने छह लाख रुपये का कर्ज लेकर बकरों की खरीदारी की योजना बनाई थी। जियाउल को इस मोटी रकम की जानकारी थी और उसने ही अपराधियों को लोकेशन और पैसों की सटीक जानकारी देकर ‘लाइनर’ की भूमिका निभाई।

घटना का क्रम योजना के अनुसार, जियाउल और राजा बक्सर में बकरों का सौदा करने गए थे। जब सौदा तय नहीं हुआ और वे वापस लौट रहे थे, तब जियाउल ने अपराधियों को सूचना दे दी। जैसे ही राजा नया भोजपुर सब्जी मंडी के पास एक समोसे की दुकान पर रुका, बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर उससे छह लाख रुपये लूट लिए। वारदात के समय जियाउल वहीं मौजूद रहकर पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए था।

पुलिस की सूझबूझ से खुला राज लूट के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो पीड़ित राजा कुरैशी के बयानों में काफी विरोधाभास दिखा। एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय इनपुट्स को खंगाला, तो शक की सुई जियाउल इस्लाम पर जाकर टिकी। कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई पुलिस ने जियाउल की निशानदेही पर लूट की रकम में से एक लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। वारदात में शामिल तीन अन्य अपराधी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि यदि पीड़ित शुरुआत में सही जानकारी देता, तो अपराधी तत्काल पकड़े जाते, फिर भी पुलिस ने रिकॉर्ड समय में मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस टीम में शामिल प्रमुख अधिकारी: इस सफल उद्भेदन में सीआई अरविंद कुमार, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार और कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!