विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले ने पकड़ा तूल
न्याय के लिए विधायक के जनता दरबार पहुंचा पीड़ित परिवार

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने का संगीन आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित परिवार ने अब न्याय की गुहार लगाते हुए सदर विधायक के जनता दरबार का दरवाजा खटखटाया है।
”मेरी बेटी गर्भवती थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच छुपाया गया” – मृतका के पिता
मृतका के पिता कन्हैया पांडे ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा था। उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि घटना से ठीक एक दिन पहले उनकी बेटी ने अपने भाई को फोन किया था। उसने रोते हुए बताया था कि उसे कोई नशीली दवा देकर बेहोश किया जाता है और उसके साथ मारपीट की जा रही है।
परिजनों का सबसे बड़ा और गंभीर आरोप यह है कि मृतका गर्भवती थी, जिसका पुख्ता सबूत उनके पास अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के रूप में मौजूद है। इसके बावजूद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का कोई जिक्र नहीं किया गया। परिवार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर गहरी आपत्ति जताते हुए इसे सच को दबाने की कोशिश करार दिया है।
शव पर चोट के निशान, परिजनों ने कहा- ‘सुनियोजित हत्या’
मृतका के भाई प्रभाकर पांडे और पिता ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान साफ देखे जा सकते हैं, जो यह साबित करते हैं कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक ‘सुनियोजित हत्या’ है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी तीखे सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस इस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रही है और आरोपियों को बचाने या संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है।
सदर विधायक आनंद मिश्रा ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
मामले को बढ़ता देख और स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलता देख पीड़ित परिवार ने बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा के जनता दरबार में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। विधायक आनंद मिश्रा ने पूरे मामले को अत्यंत संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना।
पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए विधायक ने आश्वस्त किया कि वे इस मामले को लेकर तुरंत पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। उन्होंने परिवार को पूरा भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पीड़ित परिवार की मांग:
मृतका के परिजनों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की किसी उच्चस्तरीय टीम से निष्पक्ष जांच कराई जाए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट की विसंगतियों को देखा जाए और घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







