बिहार में 1 लाख पशुओं का होगा बीमा: 85% प्रीमियम देगी सरकार
पशुपालकों को चुकाना होगा सिर्फ 15% खर्च

बक्सर अप टू डेट न्यूज:बिहार के पशुपालकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र प्रायोजित योजना के तहत राज्य भर में कुल एक लाख पशुओं का बीमा कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी करते हुए आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड का चयन किया गया है।
इस संबंध में बिहार लाईवस्टॉक डेवलपमेंट एजेंसी , पटना के परियोजना निदेशक ने राज्य के सभी जिला पशुपालन पदाधिकारियों को आधिकारिक पत्र जारी कर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लाभुकों की सूची तुरंत उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चौसा के भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि
85% प्रीमियम सरकार दे रही है। इससे पशुपालकों की जेब पर भार नहीं पड़ेगा।इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पशु बीमा के कुल प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकार अनुदान के रूप में वहन करेगी। पशुपालकों को अपनी जेब से मात्र 15 प्रतिशत राशि ही देनी होगी। इससे किसी भी अप्रत्याशित बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में पशु की मौत होने पर गरीब व सीमांत किसानों को भारी आर्थिक नुकसान नहीं झेलना पड़ेगा।
बीमा कीअधिकतम राशि पचास हजार रुपये प्रति इकाई निर्धारित की गई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिलावार लक्ष्य तय कर दिए गए हैं।
इसके साथ ही, जमीनी स्तर पर योजना को गति देने के लिए जिले के सभी भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारियों को प्रति पंचायत न्यूनतम 15 बीमा लाभुकों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने का सख्त आदेश दिया गया है। इस पहल से पूरे राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन से जुड़े परिवारों को बड़ा संबल मिलेगा।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







