नल-जल योजना की बदहाल व्यवस्था को जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:नगर पंचायत चौसा में नल-जल योजना की अनियमित एवं बाधित जलापूर्ति को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता जताई है। नगर पंचायत चौसा की उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज के नेतृत्व में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि काजू मिश्रा, वार्ड पार्षद हृदयनारायण सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विकास कुमार एवं वार्ड पार्षद दिनेश कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को ज्ञापन सौंपकर नल-जल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत चौसा के वार्ड संख्या 01 से 14 तक संचालित नल-जल योजना का समुचित लाभ आम नागरिकों को नहीं मिल पा रहा है। कई स्थानों पर नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के दिनों में समस्या और भी गंभीर होने की आशंका जताई गई है।

जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से वार्ड संख्या 13 के अखौरीपुर गोला एवं दुर्गा मंदिर चौसा के समीप स्थित पुरानी जल टंकी तथा उससे संबंधित मोटर एवं विद्युत उपकरणों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि मोटर खराब होने तथा टंकी एवं विद्युत उपकर

णों के समुचित रख-रखाव के अभाव में जलापूर्ति प्रभावित होती है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नगर पंचायत चौसा के सभी वार्डों में स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जाए, सभी वार्डों में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा खराब मोटर, विद्युत उपकरण एवं जलापूर्ति से जुड़े अन्य संसाधनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

जनप्रतिनिधियों ने यह भी मांग की कि नल-जल योजना के रख-रखाव एवं संचालन में उत्पन्न हो रही समस्याओं के लिए संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार विभाग की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था का नियमित निरीक्षण एवं स्थायी मेंटेनेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने कहा कि पेयजल आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता है। नल-जल योजना पर सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को नियमित पानी नहीं मिल रहा है तो यह गंभीर विषय है। प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि काजू मिश्रा, वार्ड पार्षद हृदयनारायण सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विकास कुमार एवं वार्ड पार्षद दिनेश कुमार शामिल रहे।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!