भाई की बारात से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ (सिमरी): बिहार के बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ एक ही दिन घर में दो-दो शादियों की शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। भाई की बारात से लौट रहे एक युवक की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सिमरी निवासी अली हुसैन अपने भाई इम्तियाज की बारात में शामिल होने भोजपुर जिले के गजराज गंज गए थे। मंगलवार को बारात वापस लौट रही थी। अली हुसैन अपने मामा के साथ बाइक पर सवार होकर घर वापस आ रहे थे, तभी सिमरी थाना क्षेत्र के मझवारी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक ही दिन होनी थी भाई-बहन की शादी
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को ही मृतक की बहन की बारात भी घर आने वाली थी। जिस घर से भाई की विदाई और बहन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब जवान बेटे की अर्थी उठने की तैयारी हो रही है।







