खीरी में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
भजनों से कृष्णमय हुआ वातावरण

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:राजपुर प्रखंड के खीरी गांव स्थित श्री संकट मोचन महावीर मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया। महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय तुलसी चौबे द्वार के समीप इस मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक झालरों एवं दीपों से सजाया गया था। शाम से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। विशेष पूजा-अर्चना के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। शास्त्रीय संगीत के गायक घनश्याम चौबे ने स्थानीय कलाकारों के साथ श्रीकृष्ण के भजनों तथा हरे राम, हरे कृष्ण की संगीतमय प्रस्तुति से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिर परिसर घंटियों एवं शंखनाद से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन से जुड़े एवं भाजपा नेता अभिषेक कुमार चौबे ने गायन मंडली के कलाकारों तथा उपस्थित लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पंडित वीरेंद्र त्रिगुण, अमित कुमार चौबे, सतीश कुमार चौबे, कामेश्वर नाथ चौबे, राधेश्याम दुबे, पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि सत्येंद्र चौबे, सरपंच जोगेंद्र चौहान, विजय चौकीदार, जयशंकर दुबे, साधु त्रिगुण, दया निधान त्रिगुण, जीबोधन त्रिगुण, गुड्डू त्रिगुण, अनुज त्रिगुण, झबु त्रिगुण, मुन्ना तिवारी, मखु सिंह, दाया ठाकुर, अखिलेश सेठ, बेचू सेठ, कमलेश सेठ, शिवजी सेठ, राहुल सेठ, अमृत चौबे, सात्विक सहित बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त उपस्थित रहे।
जन्माष्टमी के इस आयोजन ने पूरे गांव को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता एवं सामुदायिक भावना भी मजबूत हुई। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष भी और अधिक उत्साह एवं भव्यता के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने का संकल्प लिया।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







