एनडीए नेता दिल्ली-पटना में व्यस्त, डुमरांव की जनता जाम से त्रस्त: अजीत कुशवाहा

बक्सर अप टू डेट न्यूज़/ डुमरांव| डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में आए दिन लग रहे भीषण जाम को लेकर राजनीति गरमा गई है। भाकपा माले के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा ने एक वीडियो जारी कर स्थानीय प्रशासन और सत्तासीन जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और जिम्मेदार लोग अपनी जवाबदेही से भाग रहे हैं।
”सरकार नाम की चीज नहीं रह गई”
पूर्व विधायक ने सूबे की राजनीतिक स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार में फिलहाल ‘सरकार’ नाम की कोई चीज नहीं दिख रही। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद जनप्रतिनिधि पटना और दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। कोई मंत्री बनने की जुगत में है तो कोई मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल होकर एनडीए के बड़े नेताओं की सेवा कर रहा है। इन नेताओं को अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है।”
शहर के ‘फेफड़े’ हुए जाम
डुमरांव की नारकीय स्थिति का चित्रण करते हुए अजीत कुशवाहा ने इसे शहर के “फेफड़े जाम होने” जैसी स्थिति बताया। उन्होंने कहा कि सुबह नौ बजे तक पूरा शहर भारी वाहनों और ट्रकों के अवैध जमावड़े के कारण बंधक बना रहता है।
प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
कुशवाहा ने सीधे तौर पर प्रशासनिक तंत्र को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी और लापरवाही के कारण ही भारी वाहन बेधड़क शहर के बीचों-बीच प्रवेश कर रहे हैं, जिससे जाम की समस्या लाइलाज होती जा रही है।
जनता से गोलबंद होने की अपील
पूर्व विधायक ने अंत में डुमरांव की जनता से आह्वान किया कि वे इस अव्यवस्था के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जनता सड़कों पर नहीं उतरेगी, प्रशासन की नींद नहीं खुलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाकपा माले इस जनसमस्या के समाधान के लिए जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी।







