चाकू दिखाकर मोबाइल और नगदी लूटने वाले 4 अपराधी गिरफ्तार

बक्सर। जिला पुलिस ने सोनवर्षा थाना क्षेत्र में राहगीर से हुए एक संवेदनशील लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
मामले की जानकारी देते हुए बक्सर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बीती 27 जनवरी 2026 की शाम करीब 06:30 बजे, गिरिधर बरॉंव निवासी राहुल कुमार (पिता- राजू ठाकुर) जब बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने चाकू का भय दिखाकर राहुल से उनका मोबाइल फोन और पास में रखी नगद राशि जबरन छीन ली और फरार हो गए। इस घटना के संबंध में पीड़ित द्वारा सोनवर्षा थाना में कांड संख्या 10/26 दर्ज कराई गई थी।
विशेष टीम ने की छापेमारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट (सूचनाओं) के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर छापेमारी की और कुल चार अभियुक्तों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने इस लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पकड़े गए अपराधियों में रितेश कुमार (पिता- अशोक सिंह), निवासी- गिरिधर बरॉंव, बक्सर। (इनका आपराधिक इतिहास रहा है, इनके विरुद्ध सोनवर्षा थाना में पहले से मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है), विनय प्रकाश सिंह (पिता- शिवजी सिंह), निवासी- अगियाव बाजार, भोजपुर,मिथुन कुमार (पिता- बैद्यनाथ सिंह), निवासी- गिरिधर बरॉंव, बक्सर और एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग)भी है।







