सब्जी फसल की उन्नत बीज सहयोग एवं उत्पादन तकनीकी से जागरूक हुए किसान

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:खरीफ सब्जी फसल की उन्नत उत्पादन तकनीकी व बीज के सहयोग से किसानों के बीच टिकाऊ आजिविका एवं पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र बक्सर द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दलसागर पंचायत ग्राम में किया गया।

अनुसूचित जाति उपयोजना अन्तर्गत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम मे लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्रदर्शन हेतु उन्नत बीज प्रभेद-भिंडी (काशी चमन) लोबिया (काशी निधि) कोंहड़ा (काशी हरित) लौकी (काशी गंगा) और किचन गार्डन पैकेट 50 सीमांत एवं लघु किसानों को उपलब्ध कराये गये। कार्यक्रम मे भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आशुतोष राय ने अनुसूचित जाति उप योजना अन्तर्गत संस्थान के द्वारा किसानों की आय और आजीविका में वृद्धि करने के प्रयासों के बारे में बताते हुए उन्नत सब्जी प्रभेदों की विशेषता एवं उत्पादन तकनीकी की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सब्जी उत्पादन द्वारा पोषण सुरक्षा एवं जीविकोपार्जन के बारे में बताया।

वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार ने किसानों को तकनीकी का लाभ उठाते हुए सब्जी उत्पादन मे कीट नियन्त्रण की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र लालगंज, बक्सर के प्रमुख डॉ. देवकरन ने सब्जी फसल में पोषक तत्व प्रबंधन की तकनीकी जानकारी से किसानों को अवगत कराया। उन्होनें मृदा स्वास्थ्य आधारित संतुलित उर्वरक प्रयोग पर बल देते हुए मृदा परीक्षण के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच नन्द बिहारी पासवान सहित 60 से अधिक महिला एवं पुरूष किसान उपस्थित थे।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!