जीवन शैली को सुधार कर रह सकते हैं स्वस्थ : डॉ अशोक वार्ष्णेय

बक्सर अप टू डेट न्यूज:महारानी ऊषा रानी बालिका +2 उच्च विद्यालय डुमरांव में आरोग्य भारती द्वारा स्वस्थ जीवन शैली पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि भारत सरकार के पूर्व आयुष सलाहकार एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ अशोक कुमार वार्ष्णेय थे। उन्होंने छात्राओं को स्वस्थ जीवन शैली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहकर हम जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी जीवन शैली को सुधारकर हम स्वस्थ रह सकते हैं। मोबाइल और इयर फोन जैसे उपकरणों का ज्यादा प्रयोग हमें मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार बना रहा है। स्वस्थ रहने के लिए हमें खान पान और व्यायाम पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने बताया कि आरोग्य भारती पूरे देश में स्वास्थ्य जागरण का अभियान चला रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन से हुआ। कार्यक्रम में आरोग्य भारती के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण प्रभाकर द्वारा आरोग्य भारती के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रांत सचिव डॉ गुरु शरण द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि प्रकाश द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर आरोग्य भारती के प्रांत सह सचिव डॉ भास्कर मिश्रा, सोनू कुमार ,सुनील कुमार, अजय राय ,अजय उपाध्याय भी उपस्थित थे।







