चूल्हे से निकली चिंगारी, 12 परिवारों का झोपड़ी जलकर राख
बक्सर अप टू डेट न्यूज़ :-राजपुर थाना क्षेत्र के कुशही गांव स्थित दलित बस्ती में रविवार की देर दोपहर भीषण अगलगी की घटना में लगभग 12 परिवारों का झोपड़ी जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन घर मे रखे कपड़े और खाने पीने के लाखों रुपए का समान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण चूल्हे से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। सूचना पर राजपुर थाना की पुलिस और CO भी पहुंच गए।

मिली जानकारी के अनुसार घटना दोपहर की है। किसी दलित परिवार के घर में खाना बना कर आग को बिना बुझाए हुए छोड़ दिया गया था। जिसके बाद चूल्हे से निकली चिंगारी ने एक-एक घर करके 12 से अधिक घरों को अपने चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दलित बस्ती कुशही के सभी झोपड़ीनुमा घर धू-धू कर जलने लगे।
इस दौरान अगलगी की घटना में ज्ञानी मुसहर, भरत मुसहर, बीरबल मुसहर, जूठन मुसहर, शिव विलास मुसहर, मुन्ना मुसह, सत्येंद्र मुसहर, फूलन मुसहर, सुदामा मुसहर, टमाटर मुसहर, सिंहासन मुसहर, राधेश्याम मुसहर, छोटक मुसहर समेत कई अन्य परिवारों का झोपड़ीनुमा घर जलकर राख हो गया। इस दौरान अंचल पदाधिकारी सोहन राम ने बताया कि सभी पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से सहायता राशि दी जाएगी।




