रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ एवं मुरार उपडाकघर का नवीन भवन में स्थानांतरण

क्षेत्रवासियों को मिलेंगी आधुनिक एवं सुलभ डाक एवं वित्तीय सेवाएँ

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:भारतीय डाक विभाग, बक्सर मंडल द्वारा आम नागरिकों को अधिक आधुनिक, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ तथा मुरार उपडाकघर का नवीन भवन में स्थानांतरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर डाक अधीक्षक, बक्सर मंडल कुमारी सरिता ने रघुनाथपुर उपडाकघर में नवस्थापित आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ तथा मुरार उपडाकघर के नवीन भवन का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग “डाक सेवा, जन सेवा” के संकल्प के अनुरूप नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल तथा बायोमेट्रिक अद्यतन सहित आधार संबंधी विभिन्न सेवाएँ अब अपने निकटतम डाकघर में ही उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि मुरार उपडाकघर के नवीन भवन में स्थानांतरण से क्षेत्र के नागरिकों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित, आधुनिक एवं ग्राहक-अनुकूल वातावरण में सेवाओं का लाभ मिलेगा। यहाँ डाक एवं पार्सल सेवाओं के साथ-साथ डाक बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक , आधार सेवाएँ तथा अन्य वित्तीय एवं जनोपयोगी सेवाएँ एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डाक अधीक्षक ने बताया कि डाक विभाग द्वारा आधार सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है तथा आने वाले समय में बक्सर मंडल के अन्य डाकघरों में भी चरणबद्ध तरीके से आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को उनके निकटतम डाकघर में ही इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने आगे बताया कि रक्षा बंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा राखी मेल पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। यह विशेष सुविधा 12 अगस्त, 2026 से प्रभावी होगी। उन्होंने नागरिकों से इस रियायती सुविधा का लाभ उठाते हुए भारतीय डाक विभाग के माध्यम से अपने प्रियजनों तक राखी सुरक्षित, किफायती एवं भरोसेमंद तरीके से भेजने की अपील की।

कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग आज केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार, डिजिटल भुगतान, पार्सल तथा अन्य जनोपयोगी सेवाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन को सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा , इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक तथा अन्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!