बक्सर प्रधान डाकघर में सुविधाओं का विस्तार: नागरिकों के लिए एक और आधार सेवा केंद्र शुरू
डाक बुकिंग का समय भी बढ़ा

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:भारतीय डाक विभाग अपने “डाक सेवा जन सेवा” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में आम नागरिकों को बेहतर, त्वरित और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बक्सर प्रधान डाकघर में नागरिक सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। यहां एक नए अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है, साथ ही डाक बुकिंग के समय को भी बढ़ा दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बक्सर प्रमंडल की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने बताया कि बक्सर प्रधान डाकघर में पहले से ही एक आधार सेवा केंद्र संचालित था, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे। नागरिकों की बढ़ती मांग और भीड़ को देखते हुए अब एक और अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया गया है। इस नए केंद्र के खुलने से लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए कम समय देना होगा और बेहतर सुविधा मिलेगी।
सभी आधार सेवाएं एक ही छत के नीचे
डाक अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इस केंद्र पर नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बक्सर प्रमंडल के अन्य प्रमुख डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण व दूर-दराज के नागरिकों को अपने नजदीकी डाकघर में ही ये सुविधाएं मिल सकें।
अब लगातार 12 घंटे चालू रहेंगी डाक बुकिंग सेवाएं
आम जनता, व्यापारियों, छात्रों और ई-कॉमर्स ग्राहकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने एक और बड़ा फैसला लिया है। बक्सर प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल और अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ाकर अब प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक कर दिया गया है। अब नागरिक लगातार 12 घंटे तक इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस विस्तारित समय से विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों और दूर-दराज के क्षेत्रों से देर से पहुंचने वाले ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी।
बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार का मौका (भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0)
कुमारी सरिता ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं और उद्यमियों से ‘भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0’ का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का एक उत्कृष्ट अवसर है। इसके तहत कोई भी इच्छुक व्यक्ति स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक की बुकिंग व डिलीवरी सेवाओं से जुड़कर अपना खुद का व्यवसाय शुरू कर सकता है। विभाग के मानकों के अनुसार, फ्रेंचाइजी धारकों को 7 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक का आकर्षक कमीशन कमाने का मौका मिलता है। उन्होंने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अंत में कहा कि आज का भारतीय डाक विभाग केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आधार, बैंकिंग, बीमा और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रहा है। ग्राहकों की संतुष्टि ही विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







