बक्सर डाक मंडल ने आयोजित की ग्राहक बैठक, डाक सेवाओं में सुधार हेतु लिए सुझाव

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:भारतीय डाक विभाग के बक्सर डाक मंडल द्वारा बुधवार को प्रधान डाकघर, बक्सर स्थित डाक अधीक्षक कार्यालय में ग्राहक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने की। बैठक का उद्देश्य ग्राहकों से सीधा संवाद स्थापित कर डाक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं ग्राहक-अनुकूल बनाना था।
बैठक में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं नियमित ग्राहकों ने भाग लिया। इस दौरान स्पीड पोस्ट, पार्सल, रजिस्ट्री, डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) तथा अन्य डाक सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित ग्राहकों ने सेवाओं की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कई रचनात्मक सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने बताया कि भारतीय डाक विभाग अन्य प्रमुख कूरियर कंपनियों की तुलना में प्रतिस्पर्धी एवं किफायती दरों पर सुरक्षित पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से डाक विभाग की विश्वसनीय सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रधान डाकघर, बक्सर में आधुनिक पार्सल पैकिंग यूनिट की सुविधा उपलब्ध है। अब ग्राहक एक ही स्थान पर अपने पार्सल की सुरक्षित पैकिंग एवं बुकिंग करा सकते हैं, जिससे समय की बचत के साथ बेहतर सुविधा भी मिलेगी।
बैठक के दौरान ग्राहकों द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं पर कुमारी सरिता ने गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर सेवाओं में निरंतर सुधार किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने ग्राहकों को भारतीय डाक विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook, Instagram, X (Twitter) एवं YouTube (@buxarpostaldivision) की भी जानकारी दी तथा सभी नागरिकों से इन माध्यमों से जुड़कर विभाग की नवीनतम योजनाओं, सेवाओं एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







