एसडीएम ने लगा दी पुलिस पदाधिकारियों की क्लास, कहा- यातायात व्यवस्था में करें सुधार
बक्सर अप टू डेट न्यूज़:- यातायात सुगमता हेतु प्लॉन के लिए अनुमंडल कार्यालय में यातायात प्रभारी, नगर एवं यातायात टीम के साथ बैठक की गयी।

बैठक में उपस्थित यातायात प्रभारी, नगर एवं उनकी टीम की अनुमंडल पदाधिकारी ने क्लास लगा दी। उन्होंने पूछा कि जब पूर्व में ही यातायात सुगमता के लिए विधि-व्यवस्था कैलेंडर एवं मुण्डन (तनाव) की तिथियों की अग्रिम सूचना उपलब्ध करा दी जाती हैं तब भीषण जाम की स्थिति क्यों उत्पन्न हो जाती है।
आपको ज्ञात होगा कि 6 मई को मुंडन संस्कार के लिए पूरा शहर जाम से कराह रहा था। और प्रशासन अपनी कोरम पूरा करने में केवल लगीं रही।
दिया सख्त निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को पुनः यातायात सुगमता के लिए विधि-व्यवस्था कैलेंडर उपलब्ध करायी गयी एवं सख्त निर्देश दिया गया कि इस तरह की पुनरावृति न हो। धार्मिक आयोजन की तिथि के एक दिन पूर्व ही संबंधित पदाधिकारियों से सम्पर्क स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करा लिया जाय।
यातायात प्रभारी, बक्सर नगर को निर्देश दिया गया कि धार्मिक आयोजन के एक दिन पूर्व ही थानाध्यक्ष, मुफस्सिल एवं औद्योगिक क्षेत्र से सम्पर्क स्थापित कर चौसा की तरफ से आने वाले वाहनों को दानी कुटिया के पास, इटाड़ी की तरफ से आने वाले वाहनों को इटाढ़ी रेलवे गुमटी एवं डुमराँव की तरफ से आने वाले वाहनों को दलसागर के पास रोकना सुनिश्चित करेंगे।
बक्सर नगर के मुख्य पथों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करना यातायात पुलिस का मूल कर्तव्य है किन्तु बक्सर यातायात पुलिस इसमें विफल प्रतीत हो रही है। सभी यातायात पुलिस पदाधिकारियों कर्मियों को ताकिद की गई कि थाना चौक से रामरेखा घाट होते हुए मुनीम चौक तक की सड़क पर कही भी फेरीवालों/ठेला/मोटरसाईकिल को सड़क पर खड़े नहीं होने दिया जाय। सड़क से किनारे हट कर बिना यातायात बाधित किये वे अपनी आजीविका चलाते हैं तो कोई बात नहीं पर सड़क का अतिक्रमण कर यातायात को बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।
यह भी देखा गया है कि यातायात पुलिस के कई पदाधिकारी/ सिपाही प्रायः सड़क पर उतर कर परिश्रम करने से बचते है, यह स्वीकार्य नहीं है। बक्सर नगर में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए एक सप्ताह की समय सीमा दी गई है। यदि एक सप्ताह में सुधार परिलक्षित नहीं हुआ तो फिर प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी एवं जहां कही भी समस्या दिखेगी वहा के संबंधित पदाधिकारी का उस दिन का वेतन अवरूद्ध करने की अनुशंसा पुलिस अधीक्षक, बक्सर से की जायेगी।


