बारात में नाच के दौरान चली गोली, मचा भगदड़, एक जख्मी
बक्सर अप टू डेट न्यूज़|ब्रह्मपुर:- बगेन गोला थाना के बराढ़ी गांव में आई बारात में नाच के दौरान चली गोली से नाल बजा रहा कलाकार घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। वहीं घटना के बाद बारात में भगदड़ मच गई।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सिकरौल थाने के रेंका गांव से गौरीशंकर यादव के लड़के की बारात बराढ़ी गांव के अक्षय यादव के यहां आई थी। बारात में शामिल लोगों के मनोरंजन के लिए नाच का भी प्रबंध किया गया था। जनवासे में महफिल सजी हुई थी। बारातियों के साथ गांव वाले भी नर्तकियों का नृत्य देखने में मशगूल थे। इसी दौरान रात अचानक बंदूक से गोली चल गई, जो नाच में नाल बजा रहे मुरार थाना के कोन्ही गांव निवासी अर्जुन ठाकुर को जा लगी। गोली लगने के बाद नाल वादक वहीं गिर पड़ा। इसके बाद बारात में भगदड़ मच गई।
घटना की जानकारी होने पर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने वहां पहुंचकर घायल नाल वादक को इलाज के लिए रघुनाथपुर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया।


