डुमरांव हत्याकांड : ऑनर किलिंग का वीडियो आया समने, ससुर-साले ने मारी थी गोली, मौत के बाद की पिटाई
बक्सर अप टू डेट न्यूज़ :- डुमरांव में हुए वार्ड पार्षद के भाई हत्या का मामला ऑनर किलिंग का वीडियो सामने आया है। जिसमें सैलून में शेविंग करवा रहे शख्स को पहले साले ने गोली मारी। फिर उसके ससुर ने गोली मारी। दोनों ने दामाद की मौत के बाद भी उसे लात और पिस्टल की बट से पीटा। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई है।

इस वीडियो के सामने आते ही डुमरांव हत्याकांड के सारे राज खुल गए हैं। ससुर और साले ने मिलकर मोनू राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आत्म रक्षा में गोली मारने की बात झूठी निकली। फुटेज में साफ दिख रहा है कि मोनू राय कुर्सी पर बैठकर दाढ़ी बनवा रहा था। उसी दौरान साले प्रभात उर्फ धनु पाठक सैलून में घुसकर उसे गोली मार दी। पीछे से ससुर सुनील पाठक भी आते हैं और वह भी उसे गोली मार देते हैं।
इसके बाद प्रभात जहां पिस्टल की बट से पिटाई करता दिख रहा है। वहीं सुनील उस पर लात से मारता दिख रहा है। चंद सेकेंड में ही खून से लथपथ मोनू की मौत हो गई। इसके बाद दोनों आराम से सैलून से बाहर हथियार लहराते निकल जाते हैं। हत्या रविवार को हुई थी।
6 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज
मामले में मृतक के पिता दीपक राय ने सुनील पाठक और प्रभात पाठक के अलावा सुनील की पत्नी मीरा देवी, उसके पुत्र प्रथम पाठक उर्फ सोनू पाठक, भोला पाठक तथा एक रिश्तेदार गीता देवी पति दामोदर पांडेय पर सुनियोजित तरीके से बेटे मोनू राय की हत्या करने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए आवेदन में दीपक ने बताया कि पहले से ही सुनील पाठक, मीरा पाठक, गीता देवी तथा भोला पाठक बेटे को जान से मरवाने या अपहरण करवाने की धमकी दे रहे थे। रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी।
बेटी को भगाकर प्रेम विवाह करने से थी नाराजगी
मोनू ने 2 वर्ष पहले सुनील पाठक की बेटी पूर्णिमा को उसके घर से भगाकर प्रेम विवाह कर लिया था। बिटिया के घर से गायब होने के बाद सुनील ने मोनू राय पर अपनी बेटी को अपहरण करने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में मामला प्रेम प्रसंग का निकला। सुनील और उसके परिवार ने इसे अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा और मौका मिलते ही मोनू की हत्या कर दी।
दोनों आरोपियों को कर लिया गया गिरफ्तार
SP नीरज कुमार सिंह ने कहा कि मोनू राय की हत्या ऑनर किलिंग में उसके साले और ससुर ने मिलकर की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल हुए हथियार भी बरामद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


