लापता व्यक्ति का गांव के समीप नहर में मिला शव 

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ | कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरही गांव से पिछले चार दिन पहले लापता हुए 30 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को स्थानीय गांव के पास नहर से बरामद हुआ है। उसका शव पानी से लबालब भरे नहर में उतराया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा। मृतक की पहचान खैरही गांव के लक्ष्मण सिंह के 30 वर्षीय पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में की गई है।

इस सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रविवार की शाम को घर से खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। जब वह रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोज बिन शुरू किए। संभावित जगह तथा रिश्तेदारी में भी पता लगाया गया लेकिन कही भी उसकी जानकारी नहीं मिल सकी थी। इसी बीच गुरुवार को नहर में शव मिलने की सूचना पर उसके परिजन दौड़े भागे वहां पहुंचे और शव की पहचान महेंद्र के रूप में कर विलाप करने लगे। ग्रामीणों की माने तो उसे वर्ष पहले मृतक एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी सुस्त रहता था। मृतक शादीशुदा था तथा उसके चार बच्चे भी है।

परिजनों ने बताया की उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने मायके गई हुई थी, इसी बीच यह अनहोनी हो गई। कोरान सराय थानाध्यक्ष अभय सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजन अभी तक इस मामले में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराए हैं।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!