द्वारपूजा के बाद लड़की ने किया शादी से इंकार, बैरंग लौटी बारात
बक्सर अप टू डेट न्यूज़ :- शादियों में विवाद या वर पक्ष द्वारा दहेज की लालच से नाराज वधू पक्ष द्वारा कई बार शादी से इनकार का मामला देखने को मिलता है। बारात के दिन दुल्हन बनी लड़की के अचानक भाग जाने से भी शादियां टूटती है। लेकिन शादी के ऐन वक्त जब लड़की बोले कि मुझे लड़का पसंद नहीं है और शादी रुक जाए ऐसा विरले ही मामला देखने को मिलता है। लेकिन महरौरा के संवरू कुमार राय के साथ ऐसा ही हुआ है।

दूल्हा बन संवरु बरातियों के साथ पहुँचा था बरात
निर्धारित तिथि को दूल्हा बन संवरु अपने ससुराल गया था। उसके साथ सैकड़ों की संख्या में बराती भी थे। लड़की पक्ष वालों के द्वारा बारातियों की खूब आवभगत भी की गई, द्वारपूजा के अलावे गुरहथी तक की रस्में निभाई गई। लेकिन इसके बाद लड़की के पिता अचानक शामियाने में आए और लड़के तथा उसके पिता से बोले कि मेरी लड़की को लड़का पसंद नहीं है और वह शादी से इंकार कर रही है।
इसके बाद बराती हो तथा नाते रिश्तेदारों के द्वारा स्थिति संभालने का प्रयास किया गया लेकिन लड़की पक्ष शादी को राजी नहीं हुआ। जिसके बाद बारात बैरंग वापस लौट गई।बताया गया कि महरौरा के तेज नारायण राय के पुत्र संवरू राय की शादी इटाढ़ी थाना क्षेत्र के डेहरिया गांव के यशवंत राय की पुत्री सीता कुमारी के साथ तय हुई थी।
27 अप्रैल को तय थी शादी की तिथि
19 अप्रैल को तिलक संपन्न हुआ था तथा 27 अप्रैल को शादी की तिथि निर्धारित थी। निर्धारित तिथि को लड़के वाले धूमधाम से बारात लेकर लड़की वाले के दरवाजे पर पहुंचे। यशवंत के दो बेटियों की शादी एक साथ हो रही थी। एक बारात बनकट से गई थी। दूसरा महरौरा से लेकिन द्वार पूजा के बाद शामियाने में आकर यशवंत ने साफ कह दिया कि लड़की को लड़का पसंद नहीं है। इसलिए यह शादी नहीं होगी।
अचानक शादी रुकने से कई तरह की चर्चाएं हो रही है। लड़का पक्ष की माने तो लड़की पक्ष की कई हरकतें संदिग्ध थी। मसलन द्वार पूजा या अन्य रस्मो के समय किसी को मोबाइल पर फोटो नहीं खींचने दिया जा रहा था। इसके अलावा लड़की पक्ष के इनकार के बाद लड़का पक्ष तथा रिश्तेदारों द्वारा कई बार लड़की से मिलाने की बात कह गए लेकिन लड़की वाले लड़की को सामने नहीं लाए। इससे कई तरह की चर्चाएं हो रही है।


