चौसा में गंगा समग्र के कार्यकर्ताओं की अनुकरणीय पहल: अंतिम सोमवारी पर शिवभक्तों के लिए लगाया सेवा शिविर
रातभर की सेवा-सुश्रुषा

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:
श्रावण मास की अंतिम सोमवारी को लेकर पावन नगरी चौसा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर ‘गंगा समग्र’ (मंडल चौसा) के समर्पित स्वयंसेवकों ने भक्ति और निस्वार्थ सेवा की एक अद्भुत मिसाल पेश की। रविवार की पूरी रात स्वयंसेवकों ने महादेव घाट चौसा पर डटे रहकर दूर-दराज से आए हजारों शिवभक्तों की निरंतर सेवा की।
रातभर गूंजते रहे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे
महादेव घाट पर माँ गंगा में आस्था की डुबकी लगाने और पवित्र गंगाजल लेकर देवाधिदेव महादेव के जलाभिषेक हेतु प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं का तांता रातभर लगा रहा। जलार्पण के लिए जाते श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुखद बनाने के उद्देश्य से गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया था।
फल, शीतल पेय और गरम चाय का हुआ वितरण
भक्तों की थकान मिटाने और उन्हें ऊर्जा प्रदान करने के लिए स्वयंसेवकों द्वारा शीतल पेयजल, फलाहार और गरम चाय की व्यापक व्यवस्था की गई थी। पूरी रात स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को पूरी श्रद्धा के साथ जल और अल्पाहार वितरित करते रहे। मान्यता है कि शिवभक्तों की सेवा करना सीधे महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने के समान है, और इसी भावना से ओतप्रोत होकर कार्यकर्ता सेवा कार्य में लीन रहे।
प्रमुख कार्यकर्ताओं ने निभाई अग्रणी भूमिका

इस सेवा महायज्ञ को सफल बनाने में समाजसेवी सोनू दुबे, संतोष गोंड, दिलीप जी, मनीष जी, पुनीत जी, धन जी, गोलू जी, चंदन जी, श्री भगवान सिंह और पिंटू गुप्ता सहित दर्जनों स्वयंसेवकों ने मुख्य भूमिका निभाई। स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने गंगा समग्र के इस निस्वार्थ प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
वीरेंद्र कश्यप
चौसा







