पेड़ से लटका मिला 12 वर्षीय किशोर का शव

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ |मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुन्नी गांव में एक 12 वर्षीय किशोर का शव मंगलवार की सुबह गांव के बगीचे में एक पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान बाबूलाल गोंड के पुत्र अशोक गोंड के रूप में हुई है। घटना की जानकारी के अनुसार, अशोक सोमवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने देर शाम तक उसकी तलाश की। यहां तक कि गांव में चल रहे एक शादी समारोह में भी एलाउंस कराया गया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अगली सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए बगीचे की तरफ गए, तो उन्होंने किशोर का शव पेड़ से लटका देखा।
मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब मृतक के बड़े भाई संकट मोचन गोंड ने बताया कि घटना के दिन अशोक का उनके मांझिल भाई गुड्डू से झगड़ा हुआ था। अशोक 20 किलो चावल बेचने जा रहा था, जिस पर गुड्डू ने उसे रोका और थप्पड़ मार दिया। हालांकि इस घटना के बाद अशोक घर लौट आया था और सभी से सामान्य रूप से बात भी कर रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि 12 साल का बच्चा आत्महत्या नहीं कर सकता, इसलिए यह हत्या का मामला हो सकता है। वहीं, परिवार का कहना है कि न तो घर में कोई ऐसी स्थिति थी जिससे अशोक आत्महत्या करे और न ही किसी से कोई दुश्मनी थी। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि शव को कब्जे में ले पुलिस जांच में जुटी है। पोटमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।



