दिव्यांग को गोली मारकर हत्या, खोखा बरामद

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ | धनसोई थाना के चपटही गांव में गांव के बाहर पलानी डालकर रह रहे दिव्यांग की गोली मार हत्या कर दी गई है। मृतक सहेन्द्र राम (65) को अपराधियों ने सर के पास गोली मारी है जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव अभी भी घटनास्थल पर पड़ा है। जहां वे रहते और दुकान चलाते थे। मौके पर जांच के लिए पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं।

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात दो बजे के लगभग मृतक सहेंद्र राम अपने छोटे पुत्र निरंजन जो अभी अव्यस्क है के साथ झोपड़ी में सोया था तभी पांच की संख्या में अपराधी वहां पहुंचे और उसे जगाकर वहां से भगा दिया। उसके जाने के बाद सहेन्द्र के कनपटी के पास गोली मार दी गई। मौके से 315 बोर का खोखा भी मिला है।
वे चार पुत्रों के पिता थे। दो बाहर काम करते हैं और एक जेल में है। छह माह पहले इसी गांव के सत्यनारायण राम की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या हुई थी। वह उसी मामले का आरोपी है। लोग उसी घटना से इसे भी जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस वहां पूछताछ कर रही है। सदर एसडीपीओ धीरज कुमार भी वहां पहुंचे हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही है।


