शादी के 20 दिन बाद दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ | राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में एक नवविवाहिता की ससुराल वालों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसके बाद सीमावर्ती जिले कैमूर में ठिकाने लगा दिया गया। नवविवाहिता के शव को बोरे में भरकर खेत में गाड़ दिया गया। बताया गया कि 20 दिन पहले ही धूमधाम से उसकी शादी हुई थी। मामला बुधवार की देर शाम का है।

कैमूर और राजपुर पुलिस द्वारा महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा गया है। जबकि महिला की हत्या के मामले में मृतका के पति दीपू चौहान के चचेरे भाई मंटू चौहान को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार 25 साल का दीपू चौहान राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव का रहनेवाला है। उसकी शादी महज 20 दिन पहले 11 जून 2023 को रोहतास के नोखा थाना क्षेत्र के शिवपुर शेखपुरावा गांव के निवासी रामेश्वर चौहान की पुत्री इंदु कुमारी (21 वर्ष) के साथ से हुई थी।
मायके वालों के अनुसार शादी के बाद से ही विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। लड़की के पिता ने थाने में लिखित आवेदन देकर जानकारी दिया है कि शादी से पूर्व जो बात हुई थी, उसके अनुसार सब कुछ दे दिया गया था। शादी के महज एक सप्ताह बाद ही लड़की से मिलने गए तो बताया कि अपाचे गाड़ी, सोने की चैन एवं दो लाख रुपए नकदी की मांग की जा रही है। उन्होंने घर वालों से कह कर ठीक से रहने की बात कही थी।मंगलवार के दिन ही लड़की ने अपनी मां से फोन पर बात कर समस्या से अवगत कराया था। मंगलवार की रात ही घर वालों ने मिलकर इसकी हत्या कर दी है।
लड़की के पिता की शिकायत पर राजपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, अपर थाना अध्यक्ष संजय पासवान एवं पुलिस पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को गड्ढे से निकाला। नुआंव पुलिस की कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर के लिए भेजा गया है।
लड़की के पिता रामेश्वर चौधरी ने विवाहिता के पति दीपक कुमार चौहान उर्फ दीपू, ससुर जोखू चौहान, सास ललिता देवी, ननद पूनम कुमारी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई गई है। इस मामले में मंटू चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।


