लापता युवक अब तक नहीं मिला सुराग, परिजन चिंतित
बक्सर अप टू डेट न्यूज़ ,ब्रह्मपुर | ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर से पिछले 21 दिनों से गायब युवक का अब तक पता नहीं चल सका है। जिसके कारण परिजनों को चिंता बढ़ती ही जा रही है। गायब युवक की पत्नी नेहा देवी ने बताया कि उन दोनों की शादी को अभी डेढ़ वर्ष ही हुए है। परिवार की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण गणेश को काफी मेहनत करनी पड़ती थी।
उसने बताया कि उसके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन, उसे पूरा शक है कि डब्लू साह ने ही गणेश को अगवा किया है। जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज किया। उसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रघुनाथपुर मुख्य मार्ग में स्थित कुमार मॉल के पीछे निवास करने वाले लाल गुप्ता का बेटा गणेश गुप्ता पिछले महीने की 12 तारीख को सुबह 9 बजे बाजार गया था। इस दौरान निरंजन शाह के बेटे डब्ल्यू साह व बिट्टू साह ने उसकी खूब पिटाई और गायब करने की धमकी दी। गणेश पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के पास गोलगप्पे का ठेला लगाया करता था। 13 जुलाई की सुबह 9 बजे के बाद उसे नहीं देखा गया। काफी देर हो जाने पर उसकी तलाश की जाने लगी। लेकिन वो नहीं मिला। अगली सुबह परिवार के लोगों ने ब्रह्मपुर थाने में मामले की सूचना दी।