होली की खुशियाँ मातम में बदली: युवक की गला दबाकर हत्या

बक्सर अप टू डेट न्यूज़:: राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में बुधवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहाँ 20 वर्षीय युवक मंटू मौर्य (पिता भागीरथी सिंह) की उसके दरवाजे पर सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के समय पूरा गांव होली के जश्न में डूबा हुआ था, लेकिन इस वारदात ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक की माँ, प्रमिला देवी ने बताया कि गांव के ही सुरेंद्र खरवार और उसके साथियों ने घर में घुसकर पहले मंटू के साथ मारपीट की और फिर बेरहमी से उसकी जान ले ली।
पुरानी रंजिश का खूनी अंत: बकरी चोरी विवाद बना हत्या का कारण
ग्रामीणों के अनुसार, इस हत्या के तार 6 महीने पुराने एक विवाद से जुड़े हैं। करीब आधा साल पहले मंटू की बकरी चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत उसने राजपुर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के बाद आरोपियों पर जुर्माना लगाया गया था, जिससे वे मंटू से खार खाए हुए थे और लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। बुधवार की शाम भी आरोपियों ने मंटू के साथ मारपीट की थी, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया था, लेकिन देर रात आरोपियों ने घर में घुसकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया।
पुलिस जांच शुरू, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, पूर्व बसपा नेता सह कुशवाहा महासंघ के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मृतक की माँ के बयान के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।







