दो राइफल व 11 गोलियों के साथ दो लोग गिरफ्तार
बक्सर अप टू डेट न्यूज़,राजपुर| राजपुर थाना पुलिस ने सैकुआ गांव में सोमवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अलग-अलग घरों से दो देसी राइफल तथा 315 बोर के 11 जिंदा कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनकी हिस्ट्री खंगाल रही है।

इस मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सैकुआ गांव के रहने वाले स्व. लाल मोहर राम के पुत्र महेंद्र राम तथा महेंद्र राम के पुत्र नीरज राम के साथ-साथ दूसरे घर के कलपति राम के पुत्र हरे राम राइफल लेकर लोगों के बीच दहशत फैलाने के उद्देश्य से गांव में घूम रहे हैं। जिसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने राजपुर थाना पुलिस को दी। जिसके बाद राजपुर थाना प्रभारी यूसुफ अंसारी ने पुलिस बलों के साथ दोनों लोगों के यहां सघन छापेमारी शुरू कर दी।
इस दौरान दोनों घर से एक देशी राइफल तथा ग्यारह गोलियां पुलिस ने बरामद किया। हालांकि सूत्रों ने बताया कि दोनों लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहे थे। जो राजपुर थाना पुलिस के द्वारा त्वरित कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।


