महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पलटी, एक की मौत

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ | कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के पास विपरीत दिशा से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में कार पलट गई। इस हादसे में मत्स्य विभाग में कार्यरत डॉक्टर की पत्नी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान जितेंद्र केशरी की पत्नी संजू केशरी (45) के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। जिनमें दो लोगों की स्थिति गंभीर है।


सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला बक्सर जिले के लालगंज ब्रह्मपुर की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि सभी लोग दो दिन पहले बक्सर के ब्रह्मपुर से प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए निकले थे। गुरुवार सुबह स्नान करके घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज गति से जा रही थी। सामने से आ रहे वाहन को बचाने में चालक का संतुलन बिगड़ गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सामने से आने वाले वाहन की पहचान और हादसे की असली वजह की जांच कर रही है।



