UP में बक्सर के युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जांघ से सीने तक धंसी गोलियां

बक्सर अप टू डेट न्यूज़ (बक्सर/बलिया)। उत्तर प्रदेश के नरहीं थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहांव गांव के समीप रविवार की रात प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। बक्सर निवासी 20 वर्षीय आर्यन यादव को अज्ञात हमलावरों ने गंगा किनारे जाने वाले सुनसान रास्ते पर घेरकर ताबड़तोड़ चार गोलियां मारीं। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

चिकित्सकों के अनुसार आर्यन की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। डॉ. ब्रज कुमार ने बताया कि युवक के शरीर में चार गोलियां लगी हैं जो जांघ, सीने, पेट और अंडकोष के पास धंसी हुई हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि चारों गोलियां शरीर के भीतर ही फंसी हुई हैं, जिससे आंतरिक रक्तस्राव का खतरा बढ़ गया है। अस्पताल में होश आने पर घायल आर्यन ने हमलावरों की पहचान उजागर की है, जिनके तार बक्सर के जासो रोड इलाके से जुड़े बताए जा रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नरहीं थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पूरी घटना प्रेम प्रसंग से प्रेरित नजर आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर और सीओ राकेश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बक्सर और आसपास के क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद सोहांव और सीमावर्ती इलाकों में दहशत व्याप्त है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!